पुस्तक ‘सफ़र – ए – शहादत’ को गोल्डन विंग्स बुक अवार्ड- 2026

Spread the love

पुस्तक ‘सफ़र – ए – शहादत’ को गोल्डन विंग्स बुक अवार्ड- 2026

हिंदी साहित्य और ऐतिहासिक लेखन के क्षेत्र में यह अत्यंत गौरवपूर्ण समाचार है कि अर्श प्रकाशन से प्रकाशित वरिष्ठ लेखक, इतिहासकार एवं चिंतक डॉ. रणजीत सिंह ‘अर्श’ की चर्चित कृति ‘सफ़र – ए – शहादत’ को वर्ष 2026 के लिए प्रतिष्ठित Golden Wings Book Award से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान लेखक की दीर्घकालीन साधना, ऐतिहासिक दृष्टि और वैचारिक प्रतिबद्धता की औपचारिक स्वीकृति के साथ – साथ उस चेतना का प्रमाण है, जिसे यह पुस्तक शब्दों के माध्यम से समाज तक पहुँचाती है।

गोल्डन विंग्स बुक अवार्ड के अंतर्गत जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार, ‘सफ़र – ए – शहादत’ को विजेता घोषित करते हुए पुस्तक के प्रचार – प्रसार तथा प्रकाशन से जुड़े साहित्यिक उपयोगों हेतु गोल्डन विंग्स बुक अवार्ड के अधिकृत प्रतीक (लोगो) के प्रयोग का विधिवत लाइसेंस भी प्रदान किया गया है। यह तथ्य पुरस्कार की प्रामाणिकता और औपचारिक मान्यता को और अधिक सुदृढ़ करता है।

संस्था की संस्थापक एवं सीईओ द्वारा प्रेषित “लेटर फ्रॉम द फाउंडर” में डॉ. रणजीत सिंह ‘अर्श’ को अंतरराष्ट्रीय स्तर का उत्कृष्ट लेखक बताते हुए उल्लेख किया गया है कि ‘सफ़र – ए – शहादत’ जैसी कृतियाँ केवल पुस्तकें नहीं होतीं अपितु वह समाज, संस्कृति और पीढ़ियों के बीच परिवर्तन की लहरें उत्पन्न करती हैं। पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यह पुरस्कार मात्र औपचारिक सम्मान नहीं अपितु उस नैतिक साहस, सृजनात्मक उत्तरदायित्व और मानवीय सेवा-भावना का उत्सव है, जिसके साथ लेखक अपने लेखन के माध्यम से समाज से संवाद करता है। इस सम्मान से यह प्रमाणित होता है कि यह कृति अपने विषय, दृष्टिकोण और प्रस्तुति के कारण राष्ट्रीय सीमाओं से परे जाकर अंतरराष्ट्रीय साहित्यिक चेतना में विशिष्ट पहचान बना चुकी है।

अर्श प्रकाशन के लिए भी यह उपलब्धि विशेष गौरव का क्षण है कि उसके द्वारा प्रकाशित पुस्तक को वैश्विक स्तर पर मान्यता प्राप्त हुई है। यह सम्मान हिंदी साहित्य, ऐतिहासिक लेखन और शहादत की चेतना को समर्पित साहित्य के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर माना जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि ‘सफ़र – ए – शहादत’ का लोकार्पण दिनांक 08 दिसंबर 2023 को Chardikla Time TV, पटियाला (पंजाब) स्थित मुख्य कार्यालय में संस्था के अध्यक्ष पद्मश्री सरदार जगजीत सिंह जी के कर-कमलों से संपन्न हुआ। इस अवसर पर डॉ. चमकौर सिंह (डायरेक्टर, पंथ रत्न जत्थेदार गुरचरण सिंह तोहरा इंस्टीट्यूट ऑफ एडवांस स्टडीज इन सिखइज़्म) विशेष रूप से उपस्थित रहे। लोकार्पण समारोह में पद्मश्री सरदार जगजीत सिंह दर्दी जी ने टीम खोज-विचार द्वारा की जा रही पंथिक सेवाओं की भूरि – भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि चार साहिबज़ादे, माता गुजरी और चमकौर के शहीदों सहित सर्वंश दानी श्री गुरु गोविंद सिंह जी के इतिहास तथा अन्य पंथ-प्रमाणित तथ्यों को हिंदी के सुधी पाठकों तक पहुँचाने के लिए ‘सफ़र – ए – शहादत’ एक उत्तम और आवश्यक कृति है। उन्होंने इस पुस्तक को विशेष रूप से हिंदी पाठकों के लिए प्रकाशित करने हेतु टीम खोज – विचार को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। डॉ. चमकौर सिंह ने भी भविष्य के लेखन कार्यों के लिए टीम को प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर चढ़दी कला टाइम टीवी की और से डाॅ. अर्श की एक खास मुलाकात भी रेकार्ड की गई थी, जिसका प्रसारण दिनांक 28/12/2023 एवं 31/12/23 को चढ़दी कला टाइम टीवी पर प्रसारित की गई थी। 

इसके अतिरिक्त, गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, गणेश पेठ, पुणे और सकाळ मीडिया समूह के तत्वावधान में दिनांक 26 दिसंबर 2023 को सकाळ मीडिया समूह के पुणे स्थित मुख्य कार्यालय में अर्श प्रकाशन द्वारा प्रकाशित पुस्तक सफर – ए – शहादत का पुणे में लोकार्पण सकाळ अखबार के संपादक श्री सम्राट फड़णीस जी के कर – कमलों से संपन्न हुआ था| इस पुस्तक लोकार्पण के समय श्रीमती निर्मल कौर अरोरा, डॉक्टर रणजीत सिंह अरोरा ‘अर्श’, इतिहासकार सरदार भगवान सिंह जी खोजी, श्री अविनाश बागवे जी, विश्व हिंदी साहित्य सेवा संघ के अध्यक्ष डॉ शहाबुद्दीन सर, श्रीमती कुलजीत कौर गांधी, कीर्तनकार सरदार लक्खा सिंह जी एवं गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा गणेश पेठ के अध्यक्ष सरदार भोला सिंह जी अरोरा उपस्थित थे| 

‘सफ़र – ए – शहादत’ को प्राप्त यह गोल्डन विंग्स बुक अवार्ड लेखक की व्यक्तिगत उपलब्धि के साथ – साथ हिंदी साहित्य और गंभीर, पंथ-प्रमाणित ऐतिहासिक लेखन की सामूहिक विजय के रूप में देखा जा रहा है। यह सम्मान इस विश्वास को सुदृढ़ करता है कि शब्दों के माध्यम से भी समाज को दिशा, चेतना और मूल्य प्रदान किए जा सकते हैं—और यही इस कृति की सबसे बड़ी सफलता है।

 

 

 

 

 


Spread the love

2 thoughts on “पुस्तक ‘सफ़र – ए – शहादत’ को गोल्डन विंग्स बुक अवार्ड- 2026”

  1. डॉक्टर रणजीतसिंह अरोड़ा जी और सभी ख़ोज समूह के सदस्यों को हार्दिक बधाइयाँ!
    इस पृथ्वी के वीरों की शौर्य गाथाएँ लिखकर आपने प्रेरणादायक संदेश दिया है। आपका यह लेखन कार्य प्रशंसनीय हैं।
    भविष्य में आपकी लेखनी ऐसे ही महत्वपूर्ण संदेश देकर इतिहास को वर्तमान से जोड़ती रहें यहीं सदिच्छाओं के साथ धन्यवाद!💐

    1. आपका तहेदिल से आभार, निश्चित ही मुझे आपकी शुभकानाओं से अनोखा बल प्राप्त होता है| इसी तरह से इस गौरवशाली साहित्य से जुड़े रहे| धन्यवाद!

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *